ZIAUDDIN

ZIAUDDIN

Search This Blog

Thursday, January 6, 2011

Against inflation - महंगाई के खिलाफ मंत्रियों का पुतला फूंका.

पूर्वी दिल्ली,
तेजी से बढ़ रही महंगाई से गुस्साए लोगों ने समाजवादी पार्टी के तत्वाधान में
रविवार को पेट्रोलियम, खाद्य व मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। गुस्साए लोगों ने
केंद्र व दिल्ली सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महंगाई को शीघ्र कम करने की मांग
की। विरोध कर रहे लोगों में युवकों व महिलाओं ने भी हिस्सा लिया।
मुकुंद विहार में रविवार सुबह सैकड़ों लोग एकत्र हुए। महंगाई की मार झेल रहे
लोगों ने पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा, खाद्यमंत्री शरद पवार व मुख्यमंत्री शीला
दीक्षित का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे दिल्ली प्रदेश समाजवादी पार्टी के सचिव अधिवक्ता गौरी शंकर शर्मा ने कहा कि संविधान के अनुसार लोगों की सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक समानता बरकरार रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने जमाखोरों व कालाबाजारी कर रहे लोगों के खिलाफ सख्त
कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों में रामजी लाल तिवारी, एन. राठौर,
कल्याण सिंह बघेल, अशोक शर्मा, रजनी शर्मा, माया चौबे, मो. अतीक, नरेश कुमार,
हरिशंकर व विनोद भारद्वाज मौजूद रहे।
"जियाउददीन"

Tuesday, January 4, 2011

Kangna New Look's - कंगना बढ़ाएंगी वजन

मुंबई। अपनी छरहरी काया के लिए जानी जाने वाली बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कंगना राणावत को आगामी फिल्म तनु वेड्स मनु के प्रचार के लिए वजन बढ़ाना होगा।
इस फिल्म में कंगना एक छोटे शहर की लड़की का किरदार निभा रही हैं। दरअसल अप्रैल में फिल्म की शूटिंग के दौरान कंगना के पैर में फ्रेक्चर हो गया था और उन्हें कुछ हफ्ते पूरी तरह आराम करना पड़ा। जिसका नतीजा उन्हें बढ़े हुए वजन के रूप में भुगतना पड़ा।
सूत्रों के मुताबिक जब उन्होंने फिर से शूटिंग शुरु की तो उनका वजन सात किलोग्राम बढ़ चुका था। लेकिन कंगना के आश्चर्य की सीमा न रही जब फिल्म के निर्देशक आनंद राज ने उन्हें बढ़े हुए वजन के साथ ही शूटिंग करने को कहा। एक अन्य फिल्म नो प्रोब्लम के लिए कंगना ने वजन घटा लिया।
अब कंगना के सामने असली चुनौती फिर से सात किलो वजन बढ़ाने की होगी क्योंकि निर्माता चाहते हैं कि प्रचार के दौरान कंगना वैसी ही नजर आएं जैसी फिल्म में नजर आईं हैं।
निर्देशक आनंद राज ने कहा, शूटिंग के दौरान कंगना का वजन बढ़ गया था और अब हम प्रचार शुरु करने जा रहे हैं। मैं चाहूंगा किकंगना फिर से वजन बढ़ाएं ताकि लोग उन्हें फिल्म में उनके किरदार के रूप में पहचाने।

"जियाउददीन"

Monday, January 3, 2011

Lara Dutta Happy - खुश हैं लारा

लारा दत्ता खुश हैं। उनकी खुशी की वजह महेश भूपति का साथ नहीं, बल्कि कुछ और
है..।
दरअसल, लारा की खुशी सेहत के प्रति भारतीयों की जागरूकता से जुड़ी है।
वे कहती हैं, मुझे लगता है कि अब हमारी सोसायटी में यह जागरूकता आ गई है कि सेहत का ख्याल रखना कितना जरूरी है। यह बेहद अच्छी बात है। मुझे खुशी होती है यह देखकर कि हमारे देशवासी अपनी सेहत के प्रति किसी तरह की लापरवाही से बच रहे हैं।
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए लारा कहती हैं, सेहत अच्छी रहती है तो हमारा
आत्मविश्वास बढ़ता है। मिस यूनिवर्स बनने के दिनों से नियमित एक्सरसाइज मेरी
दिनचर्या का हिस्सा बन गया है।
 गौर करें तो जब से लारा का फिटनेस डीवीडी हील विद लारा बाजार में आया है, वे भारतीयों की सेहत और फिटनेस को लेकर ज्यादा ही फिक्रमंद हो गई हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि फिल्मों के अभाव में लारा ने फिटनेस गुरु बनने का निर्णय ले लिया है। तभी तो, बिना मांगे ही फिटनेस ज्ञान बांट रही हैं ।

"जियाउददीन"

Sunday, January 2, 2011

Katrina restraints - कट्रीना की मजबूरी

मुंबई। अक्षय कुमार और फराह खान ने कट्रीना कैफ के साथ बड़ी नाइंसाफी की है।
हालांकि कट्रीना ने अभी तक उसके बारे में किसी से कुछ नहीं कहा है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि निर्माता अक्षय और फराह ने कट्रीना को तीस मार खां में काम करने के एवज में मेहनताने के तौर पर ना के बराबर राशि दी है।
अक्षय ने उनसे अपनी दोस्ती का हवाला देकर फीस में रियायत बरतने की बात कही तो फराह ने होम प्रोडक्शन की पहली फिल्म कहकर उनसे सहयोग मांगा। फराह ने उनसे यह वादा किया था कि वे उन्हें एक ऐसा जबरदस्त गाना देंगी, जिसकी बदौलत वे करोड़ों रुपए कमाएंगी। कट्रीना ने अक्षय और फराह की बात मान ली। उन्होंने तीस मार खां में खुशी-खुशी काम किया,
लेकिन हाल में जब उन्हें पता चला कि पैंतीस करोड़ रुपए की लागत से बनी इस फिल्म को वितरकों को बेचकर अक्षय और फराह ने पैंसठ करोड़ रुपए कमा लिए हैं, तो कट्रीना को दुख हुआ। अब उन्हें लग रहा है कि अक्षय और फराह ने उनके साथ नाइंसाफी की है, लेकिन वे मजबूरन कुछ नहीं कह पा रही हैं, क्योंकि फराह ने तीस मार खां का सीक्वल बनाने की घोषणा कर दी है। कट्रीना आस लगाए बैठी हैं कि उन्हें फिल्म के सीक्वल में जरूर कास्ट किया जाएगा।
फिलहाल, कट्रीना शीला की जवानी.. आइटम सांग के जरिए पैसा कमाने की तैयारी कर रही हैं। 2011 में आयोजित होने वाले स्टेज शो में कट्रीना का यह सांग सबसे ज्यादा डिमांड में होगा और उन्होंने इस सांग पर परफॉर्म करने के लिए मोटी रकम तय भी कर ली है। खैर, आगे-आगे देखिए होता है क्या..?

"जियाउददीन"

Saturday, January 1, 2011

Social Welfare - समाज कल्याण विभाग में फिर दलालों का डेरा !

मुजफ्फरनगर। समाज कल्याण विभाग में एक बार फिर दलाल सक्रिय हो गए हैं। यह दलाल
भोले-भाले ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर उनसे पैसा उगाही में लगे हैं। विभाग के अंदर
से चयनित पात्रों की सूचना बाहर जा रही है।
समाज कल्याण विभाग में दलाली पर अंकुश लगाने के लिए समाज कल्याण अधिकारी रिंकू राही ने कई कठोर कदम उठाए थे। उनके समय में दलाली पर पूरी तरह से अंकुश लग गया था, लेकिन अब फिर से विभाग में दलाली शुरू हो गई है। इसका खुलासा उस दौरान हुआ, जब पारिवारिक लाभ योजना के एक पात्र ने शिकायत की कि उससे ढाई हजार रुपये ले लिए गए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना था कि उसे बताया गया कि उसका नंबर आ गया है। वह खाता नंबर विभाग में दे आए। इसके बदले में उससे ढाई हजार रुपये वसूले गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना था कि संबंधित व्यक्ति ने अपना नाम न बताते हुए दो मोबाइल फोन नंबर दिए थे। यह भी दिलचस्प है कि शिकायतकर्ता सीडीओ आफिस के बाहर कर्मचारियों से बात कर ही रहा था कि तभी उक्त मोबाइल नंबर से दलाल का फोन आ गया। फोन को शिकायतकर्ता ने नहीं बल्कि सीडीओ के गनर ने सुना। फोन पर दलाल की ओर से कहा गया कि तुम सीडीओ आफिस पहुंच गए। तुरंत वापस आओ नहीं तो तुम्हे योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। इसके बाद जैसे ही गनर ने अपना परिचय दिया और उसे गिरफ्तार करवाने की बात कही तो तुरंत फोन का स्विच आफ कर दिया गया। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है
 संबंधित दलाल अथवा उसका कोई व्यक्ति उस समय भी विभाग के आसपास ही था। मामला सीडीओ के संज्ञान में आया तो मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस संबंध में समाज कल्याण अधिकारी कन्हैया लाल गुप्ता का कहना है उक्त दोनों मोबाइल नंबरों का पता लगाया गया तो पता लगा कि उनमें से एक नंबर बिना आईडी के ही जारी हुआ है, जबकि दूसरे नंबर की छानबीन करवाई जा रही है। दोनों ही नंबर तभी से बंद है। चयन सूची का स्टाफ को ही पता है। यह सूचना कैसे बाहर जा रही है, यह सोचने का विषय है।
समाज कल्याण अधिकारी कन्हैया लाल गुप्ता ने कहा कि योजनाओं के पात्रों का चयन होने के बाद पैसा सीधे उनके खातों में भेजा जाता है। इसलिए यदि कोई व्यक्ति उनसे पैसा मांग रहा है तो सीधे इसकी शिकायत समाज कल्याण अधिकारी अथवा डीएम या सीडीओ से करें। ध्यान रखें की दलाल उन्हें बेवकूफ बनाकर पैसा ऐंठ रहे हैं।
"जियाउददीन"